नितिन नबीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, दिल्ली में हुई ताजपोशी

नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन ने आज भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाल ली। लंबे समय बाद पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक पद पर एक नए चेहरे की ताजपोशी हुई है। राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नबीन को अध्यक्ष पद सौंपा गया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर बधाई दी और उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने नबीन को मिलेनियल बताते हुए कहा कि पार्टी से जुड़े मामलों में वह उनके बॉस हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी अब ऐसे नेतृत्व के हाथों में है, जिसने भारत को आर्थिक और तकनीकी बदलावों के दौर से गुजरते देखा है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसने बचपन में रेडियो पर खबरें सुनीं और आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीक के साथ सहज है। पीएम मोदी ने कहा कि नबीन में युवाओं जैसा उत्साह भी है और उनके पास संगठनात्मक काम का लंबा अनुभव भी मौजूद है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को इसका श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती और सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण है। पीएम मोदी ने विनम्रता के साथ कहा कि वह स्वयं पार्टी के एक कार्यकर्ता हैं और इस नाते नितिन नबीन पार्टी से जुड़े मामलों में उनके बॉस हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों के योगदान और परिश्रम की भी सराहना की।
राजनीति से जुड़ी हर बड़ी खबर और संगठनात्मक बदलाव की जानकारी सबसे पहले पाने और भीलवाड़ा व आसपास की हलचल से जुड़े रहने के लिए भीलवाड़ा हलचल के साथ जुड़े रहें और समाचार भेजते रहें।
