राजस्थान में 48 डिग्री के पार तापमान; ,: उत्तर भारत प्रचंड गर्मी की चपेट में , पंजाब में रेड अलर्ट

उत्तर भारत प्रचंड गर्मी की चपेट में , पंजाब में रेड अलर्ट
X

नई दिल्ली। भीषण गर्मी व लू से पूरा उत्तर भारत बेहाल है। मैदान से लेकर पहाड़ तक तेज गर्मी से झुलस रहे हैं। दिन के साथ रातें भी गर्म होने से उमस बढ़ी है। श्रीगंगानगर 48 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा।

राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ रही है। बुधवार को श्रीगंगानगर 48 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। बाड़मेर और जैसलमेर से ज्यादा गर्मी जयपुर में रही।

राजधानी का तापमान भी 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, लेकिन हीट इंडेक्स 50.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने पूर्व में जारी यलो अलर्ट को बदलकर रेड अलर्ट कर दिया है। 'रेड अलर्ट' में लोगों को सीधे धूप से बचने और विशेष रूप से दोपहर के समय घर बाहर जाने से बचना चाहिए।

बुधवार को दिल्ली में लगातार तीसरे दिन तेज धूप और 20 से 40 किमी प्रति घंटे की गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। एसी भी बीच-बीच में खराब होने लगे, जबकि छतों पर रखी टंकियों का पानी बिना गीजर के उबलता हुआ मिला।

जम्मू-कश्मीर में भी गर्मी अपने चरम पर है। जम्मू में अधिकतप तापमान 44.4, सांबा में 46.8, ऊधमपुर में 42.4, रामबन में 41.9 व राजौरी में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में अधिकतम पारा 33.9 व न्यूनतम 17.6 डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश के ऊना, कुल्लू, बिलासपुर व मंडी में लू चली। ऊना में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हुई है।

पंजाब में गर्मी से एक व्यक्ति की मौत

पंजाब में भीषण गर्मी व लू से जनजीवन बेहाल है। बुधवार को अमृतसर का अधिकतम तापमान 44.8 व लुधियाना का 44 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के साथ रातें भी गर्म हैं। कई शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।

पटियाला में रात का तापमान 30.5, लुधियाना में 30.3 तथा अमृतसर में 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, गुरदासपुर में रेलवे स्टेशन पर गांव काला नंगल के 62 वर्षीय विजय कुमार की गर्मी से मौत हो गई।

13 के बाद हो सकती है हल्की बारिश

आइएमडी के वरिष्ठ विज्ञानी डा. नरेश कुमार ने कहा, ''गंभीर गर्मी गुरुवार तक जारी रहने की उम्मीद है। एक पश्चिमी विक्षोभ 13 जून की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें आ सकती हैं।''

Next Story