राजस्थान में अब मई 2026 में होंगे निकाय और पंचायत चुनाव, मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने दी जानकारी

X

जयपुर। राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर सस्पेंस अब खत्म हो गया है। शहरी विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने गुरुवार को साफ कहा कि प्रदेश में नगर निकाय और पंचायत चुनाव अब **मई 2026** में कराए जा सकेंगे।




उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और स्वशासन विभाग की तैयारियां पूरी हैं, लेकिन भारत निर्वाचन आयोग के विशेष मतदाता पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) कार्यक्रम के चलते फिलहाल चुनाव कराना संभव नहीं है।




**सितंबर तक पूरी कर ली गई थी राज्य सरकार की तैयारियां**

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि सरकार ने सितंबर तक अपने स्तर पर सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए थे। नगर निकायों की सीमा विस्तार, वार्डों के परिसीमन और पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी कर नोटिफिकेशन जारी किए जा चुके हैं। सरकार की ओर से अब कोई ऐसा कार्य शेष नहीं है जो चुनाव में बाधा बने।

**ओबीसी आरक्षण तय होना अभी बाकी**

मंत्री ने कहा कि दो महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं अभी बाकी हैं। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को निकायवार ओबीसी वर्ग के आंकड़े जुटाने हैं। यह सर्वे पूरा होने के बाद ही आरक्षण तय किया जा सकेगा। इसके बाद वार्डों की लॉटरी निकाली जाएगी।

**SIR कार्यक्रम के कारण बढ़ी देरी**

खर्रा ने बताया कि आयोग ने पहले सितंबर तक सर्वे पूरा करने का आश्वासन दिया था, जिसके आधार पर दिसंबर में चुनाव प्रस्तावित थे। लेकिन भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किए जाने से यह प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि जैसे ही आयोग की प्रक्रिया पूरी होती है, राज्य सरकार चुनाव कार्यक्रम तय करने के लिए तैयार है। मई 2026 में नगर निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ कराए जाने की संभावना है।

Next Story