नए साल पर राजस्थान में IAS IPS और IFS अधिकारियों को पदोन्नति, आदेश जारी

नए साल पर राजस्थान में IAS IPS और IFS अधिकारियों को पदोन्नति, आदेश जारी
X


जयपुर। राजस्थान में नए साल की शुरुआत के साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा मिला है। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने IAS, IPS, IFS सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए हैं। सभी पदोन्नतियां 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी।

कार्मिक विभाग के आदेशों के अनुसार वरिष्ठ IAS अधिकारी अजिताभ शर्मा, आलोक गुप्ता, दिनेश कुमार और राजेश कुमार यादव को अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। इन अधिकारियों को चीफ सेक्रेटरी के वेतनमान में पदोन्नति दी गई है। लंबे समय से राज्य प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे ये अधिकारी अब शीर्ष प्रशासनिक स्तर पर भूमिका निभाएंगे।

प्रशासनिक सेवा में दो अन्य अधिकारियों को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। नवीन जैन और कृष्ण कांत पाठक को सचिव पद से पदोन्नत कर प्रमुख सचिव बनाया गया है। इन्हें सुपर टाइम स्केल से अबोव सुपर टाइम स्केल में प्रमोट किया गया है।


पुलिस महकमे में भी नए साल पर बड़े स्तर पर पदोन्नति हुई है। वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रफुल्ल कुमार और राघवेन्द्र सुहासा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पद पर पदोन्नत किया गया है। दोनों अधिकारी वर्तमान में अहम विभागों में सेवाएं दे रहे हैं और उनकी पदोन्नति से पुलिस प्रशासन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

वन सेवा के अधिकारियों को भी पदोन्नति का लाभ मिला है। राजस्थान कैडर के IFS अधिकारियों डॉ. कविता सिंह, अजय चित्तौड़ा, अशोक कुमार महरिया, हरि किशन सारस्वत, देवेंद्र प्रताप जागावत सहित 2012 बैच के अधिकारियों को वरिष्ठता के आधार पर लेवल 13ए वेतनमान में पदोन्नत किया गया है।


इधर पुलिस विभाग में 44 पुलिस इंस्पेक्टरों को राजस्थान पुलिस सेवा में पदोन्नत किया गया है। गृह विभाग के संयुक्त शासन सचिव आनंदी लाल वैष्णव ने इसके आदेश जारी किए हैं। इनमें जयपुर ग्रामीण के चौमूं थाने के एसएचओ प्रदीप शर्मा भी शामिल हैं। पदोन्नति के बाद ये अधिकारी अब डिप्टी रैंक में सेवाएं देंगे।


नए साल पर हुई इन पदोन्नतियों को प्रशासनिक और पुलिस तंत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे शासन और कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

Next Story