सरसों–चने की आड़ में अफीम की खेती का भंडाफोड़,2300 अवैध अफीम के पौधे जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल | जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। बंजारों का खेड़ा सरहद, तस्वारिया खुर्द में सरसों और चने की फसल की आड़ में की जा रही अफीम की खेती को नष्ट कर 2300 अफीम के पौधे जब्त किए गए।
पुलिस को गश्त के दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक खेत में चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर खेत में सरसों व चने की फसल के बीच-बीच में अफीम के छोटे-बड़े पौधे पाए गए, जिनमें कई पौधों पर डोडे भी लगे हुए थे।
राजस्व विभाग की मौजूदगी में खेत का रिकॉर्ड जांचा गया, जिसमें भूमि पर गोमा पिता सोजी बन्जारा निवासी बन्जारो का खेडा का कब्जा पाया गया। बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के अफीम की खेती करना एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराध पाए जाने पर पुलिस ने खेत में उगे सभी अफीम के पौधों को जड़ से उखाड़कर जब्त किया।
पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी की गई। जब्त किए गए पौधों की गिनती करने पर कुल 2300 अफीम के पौधे पाए गए। इस संबंध में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध खेती या तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
