राजस्थान समेत देशभर में महंगा हुआ प्रीमियम पेट्रोल, कीमतों में 2 रुपए से भी ज्यादा की बढ़ोतरी

भीलवाड़ा। पश्चिम एशिया में युद्ध का असर अब तेल की कीमतों पर दिखना शुरू हो गया है. कच्चे तेल की कीमतों में में वैश्विक स्तर पर बढ़ोतरी के चलते देशभर में पेट्रोल 2.09 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है. बढ़े हुए दाम आज (20 मार्च) से ही लागू होंगे. हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड सहित सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने अपने प्रीमियम पेट्रोल वेरिएंट की कीमतों में लगभग 2.09 रुपए से 2.35 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है. हालांकि, इस फैसले का असर खासतौर पर उन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, जो हाई-ऑक्टेन या प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल करते हैं.
सामान्य पेट्रोल के दाम में बदलाव नहीं
हालांकि, सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिससे आम वाहन चालकों को कुछ राहत मिली है. एक्सपर्ट का मानना है कि अगर कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं तो आने वाले समय में घरेलू ईंधन कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है.
क्या होता है प्रीमियम पेट्रोल?
प्रीमियम पेट्रोल आमतौर पर बेहतर इंजन परफॉर्मेंस, स्मूद ड्राइविंग और बेहतर माइलेज के लिए जाना जाता है. ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने से कार और बाइक मालिकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है. खासकर मेट्रो शहरों और हाई-परफॉर्मेंस वाहनों का इस्तेमाल करने वाले लोगों को इसका ज्यादा असर झेलना पड़ सकता है.
ब्रेंट क्रूड 111 डॉलर के पार
हालांकि, सरकार या तेल कंपनियों की ओर से इस बढ़ोतरी के पीछे कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और बढ़ती लॉजिस्टिक्स लागत इसके पीछे प्रमुख कारण हो सकते हैं।
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब वैश्विक कच्चे तेल बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. 19 मार्च को तेल की कीमतों में 4 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई थी. ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 111.78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया.
