बूंदी के बड़ा नयागांव में जमीन विवाद के दौरान पुलिस पर हमला, एएसआई सहित चार जवान घायल,ट्रैक्टर से पुलिस की जीप तोड़ी

बूंदी। हिण्डोली थाना क्षेत्र के बड़ा नयागांव के निकट सरदारों का झोपड़ा इलाके में लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद ने रविवार को फिर उग्र रूप ले लिया। जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतनी तेजी से बढ़ा कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी हमले का शिकार बन गई। घटना में सहायक पुलिस उप निरीक्षक मणिराज सिंह सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ा नयागांव के पास जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई महीनों से तनाव चल रहा है। रविवार सुबह एक पक्ष के कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने पहुंचे। इसे देखकर वहां रहने वाले दूसरे पक्ष के महिला और पुरुष विरोध में जुट गए और दोनों ओर से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी।
सूचना पर एएसआई मणिराज सिंह, कांस्टेबल किशन सिंह, धर्मचंद और चालक दिनेश मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर देखते ही ट्रैक्टर लेकर आए लोग भाग निकले, लेकिन वहीं मौजूद दूसरे पक्ष की महिलाओं और पुरुषों ने पुलिस टीम को रोक लिया। हालात बिगड़ते इससे पहले ही भीड़ ने लाठियों और गंडासों से पुलिस पर हमला बोल दिया।
हमले में एएसआई मणिराज सिंह के साथ कांस्टेबल किशन सिंह, धर्मचंद और चालक दिनेश घायल हो गए। चारों को तुरंत हिण्डोली सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका उपचार जारी है। हमले के बाद पुलिस ने अतिरिक्त जाप्ता भेजकर स्थिति को नियंत्रित किया। हमलावर मौके से फरार हो गए जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
थाना पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के पुराने विवाद के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और हमले में शामिल लोगों की पहचान भी लगभग हो चुकी है। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
