शिव महापुराण कथा की तैयारियां पूरी: 7 अप्रैल के महातूफान अलर्ट से चिंता, लेकिन भक्तों को भोलेनाथ पर अटूट विश्वास, निर्विघ्न आयोजन की कर रहे प्रार्थना

भीलवाड़ा हलचल
भीलवाड़ा में 8 अप्रेल से होने जा रही शिव महापुराण कथा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विशाल टेंट भी लगाए जा चुके हैं। लेकिन इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा आगामी 7 अप्रैल को प्रदेश में 'खतरनाक' महातूफान के अलर्ट ने आमजन के साथ-साथ श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। बारिश और बवंडर की संभावना से भक्तों में डर का माहौल जरूर है, लेकिन उनका भोलेनाथ पर अटूट विश्वास भी कायम है। श्रद्धालुओं का दृढ़ विश्वास है कि शिव की कृपा से यहां मौसम का कोई कहर नहीं टूटेगा। भक्त पूरी श्रद्धा के साथ महादेव से प्रार्थना कर रहे हैं कि ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से बचाव हो, ताकि शिव महापुराण कथा का रसपान शांतिपूर्वक और निर्विघ्न संपन्न हो सके। गौरतलब है कि पिछली बार भी तेज बारिश के चलते कथा को बीच में ही स्थगित करना पड़ा था, इसलिए इस बार भक्तजन और अधिक सतर्क और प्रार्थना रत हैं।
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 7 अप्रैल को प्रदेश के 41 में से 38 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (बवंडर) चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की प्रबल संभावना है। 5 अप्रैल का दिन हालांकि राहत भरा रहेगा और प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई बड़ी चेतावनी नहीं है, लेकिन 6 अप्रैल से मौसम फिर से अपना मिजाज बदलेगा। शनिवार, 6 अप्रैल को कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ और झुंझुनू जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
7 अप्रैल को राजस्थान के लिए सबसे कठिन दिन माना जा रहा है। इस दिन जिन 38 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें भीलवाड़ा सहित जयपुर, अजमेर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़, झुंझुनू, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलोदी और गंगानगर शामिल हैं। मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने भी सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
