पुतिन का मोदी को सलाम: भारत अपनी राह खुद चुनता है, तरक्की से कई देश जलते हैं: अमेरिका की दोहरी नीतियों पर उठाया सवाल

अमेरिका की दोहरी नीतियों पर उठाया सवाल
X


मॉस्को/नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत खुशकिस्मत है कि उसके पास मोदी जैसे नेता हैं। पुतिन ने मॉस्को में आजतक को दिए इंटरव्यू में कहा कि प्रधानमंत्री किसी के दबाव में नहीं आते और देश की नीतियों को स्वतंत्र रूप से संचालित करते हैं।

पुतिन ने भारत को एक ग्रेट पावर बताया और कहा कि देश की तरक्की कई देशों को चुभ रही है। उन्होंने पीएम मोदी की लीडरशिप, भारत-रूस संबंधों, वैश्विक राजनीति और अमेरिका की नीतियों पर खुलकर बात की।





जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका भारत पर टैरिफ लगाकर राजनीतिक दबाव बना रहा है, तो पुतिन ने कहा कि भारत अपनी इंडिपेंडेंट पॉलिसी पर चलता है। उन्होंने अमेरिका पर तंज कसते हुए कहा कि वॉशिंगटन खुद रूस से न्यूक्लियर एनर्जी खरीदता है और फिर भारत को सलाह देने की कोशिश करता है। अमेरिका, भारत को रूस से तेल खरीदने पर दोषी ठहराने की कोशिश करता है। पुतिन ने इसे दोहरे मानदंड वाला रवैया बताया, जिसे अब दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं समझ रही हैं।

अमेरिका की मध्यस्थता और पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप की भूमिका पर पुतिन ने बताया कि हाल ही में उन्होंने जेयर्ड कुश्नर और स्टीव विटकॉफ के साथ करीब पांच घंटे लंबी बैठक की। पुतिन ने कहा कि बैठक लंबी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण थी। उन्होंने बताया कि इसमें ट्रंप के साथ अलास्का में हुई बातचीत और उससे जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

पुतिन ने ट्रंप की भूमिका पर कहा कि उनके अंदर मानवीय भावना है और वे चाहते हैं कि युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो और नुकसान न्यूनतम हो। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध की राजनीतिक और आर्थिक वजहें भी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन का एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले लगाया और एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री आवास तक एक ही गाड़ी में पहुंचे। मोदी ने पुतिन के सम्मान में प्राइवेट डिनर भी रखा।

एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे

एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे



यह रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पुतिन का भारत का पहला दौरा है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पुतिन के स्वागत की तस्वीरें साझा कीं और कहा कि दोस्त पुतिन का स्वागत कर बहुत खुशी हुई। उन्होंने बताया कि भारत और रूस की दोस्ती मुश्किल समय में भी कसौटी पर खरी उतरी है।

Next Story