रायला पुलिस ने 121 किलो डोडा चूरा सहित दो तस्करो को किया गिरफ्तार

रायला पुलिस  ने 121 किलो डोडा चूरा सहित दो  तस्करो को किया  गिरफ्तार
X


भीलवाड़ा लक्की । रायला थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह 121.350 किलो डोडा चूरा सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई भीलवाड़ा से गुलाबपुरा जा रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर की गई।

थानाधिकारी बच्छराज चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम सुबह करीब 5 बजे हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही स्विफ्ट कार (RJ45 CF 6814) पुलिस को देखकर तेज गति से भागने लगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैरिकेड्स लगाकर कार को रोक लिया।

जांच के दौरान कार में सवार दोनों व्यक्तियों के हावभाव संदिग्ध लगे। तलाशी लेने पर कार में कट्टों में भरा हुआ 121.350 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:

मांगीलाल विश्नोई (42), पुत्र कोजाराम, निवासी खिलेरी, थाना कापराड़ा (जोधपुर)

अशोक विश्नोई (27), पुत्र प्रेमाराम, निवासी कांजी बा की ढाणी, थाना कापराड़ा (जोधपुर)

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह डोडा चूरा मंदसौर से जोधपुर ले जा रहे थे।

थानाधिकारी बच्छराज चौधरी ने बताया कि कार और मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल नारायण सालवी की तत्परता और साहसिक भूमिका अहम रही, जबकि नाकाबंदी टीम में कांस्टेबल पुखराज, कांस्टेबल ओमप्रकाश और कांस्टेबल बनवारी लाल भी शामिल थे।

Next Story