भीलवाड़ा में रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल जारी-: डॉक्टर्स बोले, हमें नहीं चाहिये ऐसी आजादी

डॉक्टर्स बोले, हमें नहीं चाहिये ऐसी आजादी
X

भीलवाड़ा बीएचएन। कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ बर्बरता के विरोध में चल रही रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल जारी है। मंगलवार को डॉक्टर्स ने जनता के बीच नाटक की प्रस्तुति देकर अपनी पीड़ा बयां की है।

डॉक्टर अनिल मिश्रा ने कहा कि कोलकाता की घटना को लेकर रेजिडेंट डॉक्टर्स का कार्य बहिष्कार जारी है। डॉक्टर्स केंद्र सरकार को संदेश देना चाहते हैं कि डॉक्टर्स को न्याय मिले ताकि वे काम पर लौट सकें। मंगलवार को हड़ताली रेजिडेंट डॉक्टर्स ने जिला अस्पताल में जनता के बीच नाटक प्रस्तुत किया, ताकि डॉक्टर्स की पीड़ा का पता चल सके और इस घटना की आवाज उठ सके। डॉक्टर मिश्रा ने कहा कि वे चाहते हैं कि बर्बरता की शिकार डॉक्टर्स को न्याय और डॉक्टर्स के लिए सरकार सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट लागू करें।

इसी तरह एक अन्य रेजिडेंट डॉक्टर बंसल ने कहा कि डॉक्टर्स की हड़ताल से आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि अन्य देशों में डॉक्टर्स की सुरक्षा के लिए कानून है, लेकिन हमारे देश में कोई कानून नहीं बना है। उन्होंने कहा कि ऐसी आजादी हमें नहीं चाहिये। हमें भी आम इंसान की तरह सुरक्षा दी जाये। कोलकाता कांड में दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाये, ताकि भविष्य में ऐसा करने से पहले दरिंदों की रूह कांप जाये। उधर, रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल के चलते जिला अस्पताल में ओपीडी सेवाओं के साथ ही अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं, जिसके चलते मरिजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Next Story