रिटायर्ड फौजी ने आधीरात को की ताबड़तोड़ फायरिंग,: भाई-भाभी व भतीजी, 4 पुलिसकर्मी व होमगार्ड जवान घायल, पुलिस ने आरोपित को दबोचा

भाई-भाभी व भतीजी, 4 पुलिसकर्मी व होमगार्ड जवान घायल, पुलिस ने आरोपित को दबोचा
X

नागौर बीएचएन। शारदापुरम इलाके में रिटायर्ड फौजी भंवर सिंह विश्नोई ने बीती रात पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहे विवाद में पड़ौस में रहे अपने भाई के घर फायरिंग कर दी। इस घटना में आरोपित के भाई-भाभी व भतीजी के साथ ही होमगार्ड जवान सहित पांच पुलिसकर्मी भी घायल हो गये। दंपती को जौधपुर रैफर किया गया है। आरोपित को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

नागौर डीएसपी आरपी विश्नोई ने बताया कि शारदापुरम निवासी रिटायर्ड फौजी भंवर सिंह बिश्नोई ने बीती रात 12 बोर बंदूक से भाई के घर पर फायरिंग कर दी। आधी रात को गोलियों की आवाज सुनकर जब छोटे भाई की पत्नी गोमती ने घर का दरवाजा खोला तो एक गोली उसके हाथ में लग गई। दरवाजे के पीछे फौजी का छोटा भाई ओमप्रकाश अपनी भाभी गोमती देवी को बचाने आया तो एक गोली उसे भी लग गई। दोनों के खून बहने लगा। फायरिंग के दौरान घर में मौजूद आरोपी की भतीजी ममता के भी छर्रा लग गया। इसके बाद आरोपी फौजी बंदूक हाथ में लेकर गली में टहलने लगा और लगातार फायर करने लगा। घटना की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया और जो सामने दिखाई दे रहा था उसी पर गोलियां चलाने लगा। करीब 40 मिनट तक आरोपी इसी तरह खुले आम दहशत फैलाता रहा। पुलिस ने घटना में घायल में दंपति और युवती ममता को नागौर के जेएलएन जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद ओमप्रकाश और गोमती को जोधपुर रैफर कर दिया गया। ममता का इलाज यहीं जारी है। इस बीच पुलिस ने आरोपी को पकडऩे की कोशिश की लेकिन अनहोनी के डर से सख्ती नहीं की, आरोपी अपने घर में ही छिपा रहा।आज अलसुबह पुलिस ने पूरे दलबल के साथ आरोपी फौजी के घर पर दबिश दी तो उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में दीवान हनुमान राम (53), दीवान मदन गोपाल (45), सिपाही रिद्धकरण (36), सिपाही सतीश (32) और होमगार्ड ओमप्रकाश (29) गोलियां व छर्रे लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

नागौर एसपी नारायण टोगस ने बताया कि आरोपी रिटायर्ड फौजी को राउंड अप कर लिया गया है। आरोपी का अपने भाईयों से प्लॉट को लेकर कोई विवाद चल रहा था, रात को उसने शराब पीकर लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायरिंग कर दी। आरोपी के परिजनों और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी जाएगी ।

Next Story