मऊगंज में उपद्रव: विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमला, ASI की मौत, कई अधिकारी गंभीर घायल

मऊगंज जिले में रमनगरी पंचायत के गड़रा गांव में शनिवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद को सुलझाने गई पुलिस टीम पर उग्र ग्रामीणों ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी शाहपुर संदीप भारती, तहसीलदार पानिका, एएसआई जवाहर सिंह यादव और बृहस्पति पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान एएसआई रामचरण गौतम की मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची एसडीओपी अंकित सुल्या को भी आक्रोशित ग्रामीणों ने घेर लिया, जिससे पुलिसकर्मियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि कई पुलिसकर्मी वहां फंस गए और उन्हें चोटें आईं। सभी घायलों को सिविल अस्पताल एवं आशीर्वाद अस्पताल, मऊगंज में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, जिसे शांत करने पुलिस पहुंची थी। लेकिन ग्रामीणों ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान लाठी-डंडों और पत्थरों से पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया, जिससे कई जवान घायल हो गए।

घटना स्थल पर तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कई घायल पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं, और आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Tags

Next Story