सरस-अमूल की नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7500 किलो घी जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

सरस-अमूल की   नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7500 किलो घी जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
X

जयपुर। जयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने वाली एक फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 7500 किलोग्राम नकली घी जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खोरा बीसल थाना पुलिस द्वारा शनिवार शाम को की गई।




पुलिस जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में वनस्पति और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल को गर्म कर उसमें केमिकल एसेंस मिलाकर घी तैयार किया जा रहा था। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नकली घी, कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और घी बनाने की मशीनें बरामद की गई हैं।



पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रोजाना करीब दो हजार लीटर नकली घी तैयार कर बाजार में सप्लाई करते थे। अधिक मुनाफा कमाने और माल जल्दी बिके, इसके लिए नकली घी को सरस, लोट्स, अमूल, महान और कृष्णा जैसी नामी कंपनियों के डिब्बों में पैक किया जाता था। आरोपी 500 ग्राम से लेकर 15 किलो तक के डिब्बों में घी भरकर सीधे दुकानदारों तक पहुंचाते थे, जिससे बीच में किसी को भी नकली होने की भनक न लगे।

पुलिस के अनुसार यह फैक्ट्री करीब एक साल से संचालित हो रही थी। फैक्ट्री का मुख्य गेट बंद रखकर अंदर घी तैयार किया जाता था, ताकि आसपास के लोगों को शक न हो। निरीक्षण के दौरान मशीनों के आसपास गंदगी भी पाई गई, जो खाद्य सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है।




डीसीपी ईस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया कि इस मामले में राजेंद्र कुमार गुप्ता उम्र 55 वर्ष, अनिल जोशी उम्र 29 वर्ष, भूपेंद्र उर्फ रुपेंद्र शर्मा उम्र 30 वर्ष और जगदीश शर्मा उम्र 44 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। अनिल जोशी और भूपेंद्र शर्मा ग्वालियर मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और वर्तमान में खोरा बीसल क्षेत्र में रह रहे थे। राजेंद्र कुमार गुप्ता मूल रूप से मथुरा उत्तर प्रदेश का निवासी है, जबकि जगदीश शर्मा झोटवाड़ा क्षेत्र का रहने वाला है।पुलिस ने बताया कि नकली घी गिरोह का मुख्य सरगना वीरेंद्र शर्मा अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग को भी सूचना दी गई है और आगे की जांच जारी है।

Next Story