शाहपुरा के पर्वतारोही आकाश लोढ़ा ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर तिरंगा फहराया

शाहपुरा के पर्वतारोही आकाश लोढ़ा ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर तिरंगा फहराया
X

शाहपुरा। शहर के युवा पर्वतारोही आकाश लोढ़ा ने माउंट एवरेस्ट के दक्षिणी (नेपाल) बेस कैंप पर तिरंगा फहराकर गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 17,598 फीट (5,364 मीटर) की ऊंचाई पर पहुंचकर शाहपुरा का नाम रोशन किया। आकाश वर्तमान में बेंगलुरु में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं।

आकाश ने बर्फीली हवाओं, शून्य से नीचे के तापमान और ऑक्सीजन की कमी जैसी कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए आठ दिवसीय अभियान पूरा किया। उनका अभियान शुरू होते ही अगले ही दिन बर्फबारी के साथ कठिनाई बढ़ गई। जैसे-जैसे ऊंचाई बढ़ी, सांस लेने में परेशानी भी बढ़ती गई।

इस अभियान में लगभग 130 किलोमीटर की ट्रैकिंग शामिल थी। रास्ते में कई बार ऑक्सीजन की कमी महसूस हुई और तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस से गिरकर बेस कैंप पर माइनस 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस दौरान चॉकलेट, ड्राईफ्रूट और फल ही ऊर्जा का मुख्य स्रोत रहे। अत्यधिक ठंड के कारण आकाश की त्वचा जल गई, मुंह का स्वाद चला गया और हल्का बुखार भी आया।

अंतिम दिन, 28 दिसंबर को चढ़ाई सबसे चुनौतीपूर्ण रही। सुबह 8 बजे गोरखशेप से केवल आधा किलोमीटर का रास्ता तय करना था। पत्थरों, बर्फ और तेज हवाओं के बीच तीन घंटे की मशक्कत के बाद आकाश सुबह 11 बजे बेस कैंप पहुंचे और तिरंगा फहराया। आकाश लोढ़ा अब सुरक्षित वापसी की यात्रा पर हैं और 5 जनवरी को बेंगलुरु लौटने की उम्मीद है।

Tags

Next Story