सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना पड़ा भारी: भीलवाड़ा पुलिस ने 10 इन्फ्लुएंसर्स को किया गिरफ्तार

भीलवाड़ा । जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की किल्लत की झूठी अफवाह फैलाकर आमजन में दहशत पैदा करने वाले 10 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनसे माफी मंगवाकर उसका वीडियो भी जारी किया है।
व्यूज के चक्कर में फैलाया पैनिक
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव की आड़ में कुछ लोग फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लिए भ्रामक पोस्ट डाल रहे थे। एक आरोपी तो वीडियो में देश में युद्ध छिड़ने जैसी गंभीर स्थिति बता रहा था। पुलिस की साइबर टीम ने ऐसे 10 अकाउंट्स को चिह्नित किया जो जनता के बीच डर और भ्रम का माहौल बना रहे थे।
आरोपियों ने मांगी माफी, डिलीट करवाए वीडियो
गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा जारी वीडियो में आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा, "हमने दूसरों के वीडियो देखकर ऐसे वीडियो बना दिए थे। देश में डीजल, पेट्रोल या गैस की कोई कमी नहीं है। हम अपनी इस हरकत के लिए माफी मांगते हैं।" पुलिस ने इन सभी के सोशल मीडिया हैंडल से विवादित वीडियो भी डिलीट करवा दिए हैं।
इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में कार्रवाई करते हुए कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया:
बनेड़ा थाना: 4 आरोपी गिरफ्तार।
बड़लियास व मंगरोप थाना: 2-2 आरोपी।
सुभाषनगर व गांधीनगर थाना: 1-1 आरोपी।
गिरफ्तार आरोपियों में करण जाट, धीरज जाट, अर्पित शर्मा, अर्जुन चौधरी, महेंद्र कुमार, कैलाश कुमार, मुकेश प्रजापत और दीपक सिंह शामिल हैं।
