चलती हमसफर एक्सप्रेस पर पथराव, दिव्यांग यात्री के ट्वीट पर रेल मंत्रालय में मचा हड़कंप

चलती हमसफर एक्सप्रेस पर पथराव, दिव्यांग यात्री के ट्वीट पर रेल मंत्रालय में मचा हड़कंप
X


भीलवाड़ा । फिरोजपुर-रामेश्वरम हमसफर एक्सप्रेस पर शनिवार रात अज्ञात उपद्रवियों द्वारा पथराव का मामला सामने आया है। भीलवाड़ा से रवानगी के बाद चित्तौड़गढ़ के पास हुए इस हमले से यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, ट्रेन में सवार एक दिव्यांग यात्री की सजगता के चलते रेल मंत्रालय ने तुरंत एक्शन लिया।

एसी कोच के टूटे कांच, बाल-बाल बचे यात्री

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात जब ट्रेन भीलवाड़ा से रवाना होकर चित्तौड़गढ़ की ओर बढ़ रही थी, तभी गगरार और डेट स्टेशन के बीच अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थरों से हमला कर दिया। इस पथराव में 3-टियर एसी कोच (B-6) की खिड़कियों के कांच चकनाचूर हो गए। अचानक हुई इस घटना से कोच के भीतर बैठे यात्रियों में घबराहट फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सोशल मीडिया पर शिकायत के बाद जागा प्रशासन

ट्रेन में भीलवाड़ा से सवार हुए दिव्यांग यात्री रवि जैन ने घटना के तुरंत बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और डीआरएम रतलाम को 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर टैग करते हुए शिकायत की। ट्वीट होते ही रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। जैसे ही ट्रेन चित्तौड़गढ़ स्टेशन पहुँची, रेलवे पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर यात्रियों से संवाद किया और स्थिति को संभाला।

जांच शुरू, ग्रामीणों से पूछताछ जारी

रेलवे पुलिस अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक टीम घटनास्थल के आसपास के गांवों में सर्च ऑपरेशन चला रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story