मिडिल ईस्ट में तनाव: केंद्र सरकार का मास्टरस्ट्रोक: भीलवाड़ा के टेक्सटाइल उद्योग और आम आदमी को मिली संजीवनी

भीलवाड़ा के टेक्सटाइल उद्योग और आम आदमी को मिली संजीवनी
X



भीलवाड़ा/नई दिल्ली। दुनिया भर में मंडरा रहे युद्ध के बादलों और महंगाई के बीच केंद्र सरकार ने एक ऐसा ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिसने आम आदमी से लेकर भीलवाड़ा के बड़े उद्योगों तक को भारी राहत दी है। सरकार ने पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर लगने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी को 30 जून 2026 तक के लिए पूरी तरह शून्य कर दिया है। इस एक फैसले से बाजार की कीमतों और उत्पादन लागत में आमूलचूल बदलाव आने की उम्मीद है।

भीलवाड़ा के टेक्सटाइल और उद्योगों की 'बल्ले-बल्ले'

सरकार के इस फैसले का सबसे बड़ा और सीधा फायदा 'टेक्सटाइल सिटी' भीलवाड़ा को मिलने जा रहा है। धागा, कपड़ा और सिंथेटिक मटेरियल बनाने वाली यहां की मिलें पूरी तरह से पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर निर्भर हैं। कस्टम ड्यूटी हटने से अब कच्चा माल काफी सस्ता मिलेगा, जिससे भीलवाड़ा के कपड़ा उद्योगों की उत्पादन लागत में भारी कमी आएगी। इससे न सिर्फ फैक्ट्रियों को ऑक्सीजन मिलेगी, बल्कि रोजगार और व्यापार भी नई उड़ान भरेंगे।





महंगाई पर लगेगा 'ब्रेक', आपकी जेब को राहत

पेट्रोकेमिकल्स सिर्फ उद्योगों तक सीमित नहीं हैं; यह आपकी रसोई और रोजमर्रा के सामान की पैकेजिंग का मुख्य आधार है। पारले प्रोडक्ट्स के वाइस प्रेसिडेंट मयंक शाह के अनुसार, कच्चे माल की कीमतें गिरने से बिस्किट, स्नैक्स, एफएमसीजी और फार्मा उत्पादों के दाम अब स्थिर रहेंगे। यानी, सीधे तौर पर आम उपभोक्ता की जेब पर पड़ने वाला महंगाई का बोझ कम होगा।

सीमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बंपर फायदा

जेके लक्ष्मी सीमेंट के प्रेसिडेंट अरुण शुक्ला ने बताया कि पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले पॉलीप्रोपाइलीन और पॉलीथीन के दाम घटने से सीमेंट की सप्लाई चेन सुधरेगी। इससे डिस्पैच एफिशिएंसी बढ़ेगी और कंस्ट्रक्शन व इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में भी लागत घटेगी।

इन रसायनों पर अब कोई टैक्स नहीं

सरकार ने मिथेनॉल, एनहाइड्रस अमोनिया, टोल्यूनि, स्टाइरीन, विनाइल क्लोराइड मोनोमर और अनसैचुरेटेड पॉलिएस्टर रेजिन जैसे प्रमुख केमिकल्स को ड्यूटी-फ्री कर दिया है। बाजार में बढ़ती कीमतों को थामने और सप्लाई चेन को टूटने से बचाने के लिए उठाया गया यह कदम अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा गेमचेंजर साबित होगा।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story