गाय चराने वालों को दस हजार महीना देंगे, मंत्री ने किया दावा…

गाय चराने वालों को दस हजार महीना देंगे, मंत्री ने किया दावा…
X

जयपुर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर अपने बयानों और फैसलों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने बारां जिले के कोयला गांव में ऐसी घोषणा की है, जिसने प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया है। मंत्री दिलावर ने गायों को चराने वाले ग्वालों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने की घोषणा की है। इस ऐलान के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंत्री के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिससे यह मुद्दा राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है।

धार्मिक कथा कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि गायों का संरक्षण समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से यह योजना लाई जा रही है, ताकि गायों की बेहतर देखभाल हो सके और आवारा पशुओं की समस्या से निजात मिल सके। हालांकि, इस योजना के साथ एक शर्त भी रखी गई है।

मंत्री दिलावर ने स्पष्ट किया कि ग्वालों को यह वेतन तभी मिलेगा, जब वे गायों को केवल चरागाह भूमि पर ही चराएंगे। इस शर्त का उद्देश्य चरागाहों का सही उपयोग सुनिश्चित करना और सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं की संख्या कम करना है। वहीं विपक्ष का कहना है कि सरकार पहले से मौजूद योजनाओं को सही ढंग से लागू करने में विफल रही है और इस तरह की घोषणाएं केवल बयानबाजी हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है।

Tags

Next Story