युवक ने फांसी लगाकर दी जान, मां से अनबन के चलते डिप्रेशन में था

युवक ने फांसी लगाकर दी जान, मां से अनबन के चलते डिप्रेशन में था
X

भीलवाड़ा बीएचएन। होली के मौके पर शहर से एक दु:खद खबर सामने आई है। यहां सुभाषनगर में ब्यावर जिले के एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। प्रारंभिकतौर पर पुलिस को जानकारी मिली कि मां से अनबन के चलते युवक डिप्रेशन में था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया, जिसका पोस्टमार्टम शुक्रवार को होगा।

सुभाषनगर थाने के सहायक उप निरीक्षक साबिर मोहम्मद ने बताया कि ब्यावर जिले के जमालपुरा निवासी यशराज 20 पुत्र अजितसिंह राजावत अपनी मां के साथ सुभाषनगर में शिवलाल शर्मा के मकान में किराये से रह रहा था। वह कोई काम-काज नहीं कर रहा था, जबकि उसकी मां मजदूरी करती है। यशराज आज ही ब्यावर से लौटकर आया था। इसके बाद उसने किराये के कमरे में साफी से फंदा गले में डाला और पंखे के हुक से झूल गया। इस दौरान मां मजदूरी करने गई थी। शाम को वह जब लौटी तो यशराज फंदे से झुलता मिला। यह देखकर मां की चीत्कार फूट पड़ी। आस-पास मौजूद लोगों की मदद से दरवाजा खोला। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर फंदे से शव को उतरवाया, जिसे मोर्चरी भिजवा दिया। पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह होगा। उधर, प्रारंभिक तौर पर पुलिस को जानकारी मिली कि यशराज को आज मां ने काम-काज के लिए कहा। इसे लेकर उनके बीच अनबन हो गई। ऐसे में डिप्रेशन में आकर यशराज ने फांसी लगाकर ईहलीला समाप्त कर ली। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पायेगी।

Next Story