शनि के मीन राशि में वक्री होते ही मचेगी उथल-पुथल: प्राकृतिक आपदाओं, संक्रमण, शेयर बाजार की अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय तनाव

13 जुलाई 2025 को न्याय और कर्मफल के देवता शनि मीन राशि में वक्री हो जाएंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह वक्रत्वकाल 28 नवंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा। इस चार महीने की अवधि को ज्योतिष शास्त्र में उथल-पुथल, परिवर्तन और चुनौतियों से भरा समय माना जा रहा है।
प्राकृतिक आपदाओं से लेकर शेयर बाजार की अस्थिरता, संक्रमण जनित बीमारियों की वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव की स्थिति तक शनि का वक्री होना कई स्तरों पर असर डालेगा।
धार्मिक दृष्टिकोण में परिवर्तन की आहट
ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला के अनुसार शनि का मीन राशि में वक्री होना धार्मिक जगत में भी प्रभाव डालेगा। कई धार्मिक संस्थानों और आध्यात्मिक व्यक्तियों के लिए यह समय परीक्षाओं से भरा हो सकता है। युक्तिपूर्वक आचरण करने वाले लोग इस दौर में सफलता भी अर्जित कर सकेंगे। शनि के उपाय जैसे शनिचरी अमावस्या पर दान, पीपल के नीचे दीपक लगाना, शनि मंत्र जाप आदि से राहत संभव है।
प्राकृतिक आपदाएं
शनि के वक्री प्रभाव से भूस्खलन, हिमस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाएं अधिक हो सकती हैं। जलवायु में तेजी से बदलाव संभव है। स्वास्थ्य क्षेत्र की बात करें तो संक्रमणजनित बीमारियों में वृद्धि की आशंका है। आमजन को खानपान और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी जा रही है।
शेयर बाजार
वक्र शनि का प्रभाव शेयर बाजार पर भी पड़ेगा। विशेषकर मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है। सोना, चांदी जैसी कीमती धातुओं के दामों में भी उतार-चढ़ाव रहेगा। कपड़ा और अनाज व्यापार से जुड़े बाजारों का रुख भी बदल सकता है।
कूटनीतिक परिदृश्य में बदलाव
ज्योतिषीय संकेतों के अनुसार भारत सहित विश्वभर की विदेश नीतियों में संशोधन की आवश्यकता महसूस की जा सकती है। एशिया-पेसिफिक क्षेत्र और यूरोपीय नीति में भी बदलाव की संभावनाएं हैं। युद्ध उन्मादी राष्ट्रों के बीच तनाव बढ़ने की संभावना है, जिससे सीजफायर उल्लंघन जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
राशियों पर शनि के वक्री प्रभाव
मेष: रुके हुए कार्यों में अचानक सफलता मिलने की संभावना।
वृषभ: किसी विशेष व्यक्ति से हुई मुलाकात लाभकारी सिद्ध होगी।
मिथुन: आर्थिक प्रगति के संकेत, रुका हुआ धन वापस मिल सकता है।
कर्क: समाज में सम्मान बढ़ेगा, मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा।
सिंह: कार्यक्षेत्र में विस्तार और प्रगति के नए अवसर मिलेंगे।
कन्या: स्वास्थ्य का ध्यान रखें, संक्रमण से बचाव जरूरी।
तुला: इच्छित पद पाने के लिए दोबारा प्रयास करने की सलाह।
वृश्चिक: कुछ लोगों का व्यवहार मानसिक तनाव दे सकता है।
धनु: विशेष पद प्राप्ति के योग, सतत प्रयास आवश्यक।
मकर: अत्यधिक सोच से बचें, धैर्यपूर्वक निर्णय लें।
कुंभ: चिंता से दूर रहकर मानसिक स्थिरता बनाए रखें।
मीन: जीवन में राहत और चुनौती दोनों का अनुभव हो सकता है।