बाड़मेर-नागौर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

बाड़मेर-नागौर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
X

बाड़मेर/नागौर। राजस्थान के बाड़मेर और नागौर जिलों में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दोनों ही जगह कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने तत्काल हाई अलर्ट घोषित कर दिया और दोनों कोर्ट परिसरों को खाली करवा लिया।

बाड़मेर में सोमवार सुबह जिला न्यायाधीश के ईमेल पर धमकी भरा संदेश मिला। इसके बाद एसपी नरेंद्र सिंह मीना के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली करवाया। मौके पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर कोर्ट में आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। साइबर सेल ईमेल का स्रोत खंगालने में जुटी है। गौरतलब है कि इससे पूर्व 25 दिसंबर 2025 को भी बाड़मेर कलेक्ट्रेट को ऐसी ही धमकी मिली थी।

उधर, नागौर जिले के मेड़ता डीजे कोर्ट में भी ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। यहां भी पुलिस ने तुरंत कोर्ट परिसर को खाली करवा लिया। मौके पर बम निरोधक दस्ता तैनात किया गया है। इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं। कोर्ट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पिछले एक सप्ताह में यह इस तरह की दूसरी धमकी है।

दोनों जिलों में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हैं। कोर्ट परिसरों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Tags

Next Story