साथ जिएंगे...: नाता राशि को लेकर मिल रही धमकियों से परेशान दंपती ने पी लिया कीटनाशक, दोनों भर्ती
भीलवाड़ा BHN. भगवानपुरा स्थित शिवम ईंट भट्टे पर बीती रात एक दंपती ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। इसके चलते दोनों की हालत बिगड़ गई। दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दंपती का कहना है कि झगड़ा राशि को लेकर मिल रही धमकियों के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है।
भगवानपुरा स्थित शिवम ईंट भट्टा पर कार्यरत महेंद्र 25 पुत्र बाबू भील व इसकी पत्नी लक्ष्मी 23 ने बीती रात कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। दोनों को हालत बिगडऩे पर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
शुक्रवार सुबह महेंद्र व लक्ष्मी ने मीडिया को बताया कि लक्ष्मी एक माह पहले ही अपने पति को छोडक़र महेंद्र के पास आ गई। इसके बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं। इनका आरोप है कि लक्ष्मी के पूर्व के ससुराल वाले उनसे डेढ़ लाख रुपये नाता राशि की मांग कर रहे हैं। ये लोग उन्हें थाने में बंद कराने की धमकियां दे रहे थे। इनका आरोप है कि ये लोग आज नाता राशि लेने आने वाले थे, इससे पहले ही बीती रात उन्होंने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। महेंद्र ने बताया कि उसने लक्ष्मी के पूर्व ससुराल वालों से कहा कि वह दो माह में नाता राशि दे देगा, लेकिन वे नहीं माने। फिल्हाल महेंद्र व लक्ष्मी का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।