राजस्थान में भी होती है वोटों की चोरी, बूथ कैप्चरिंग तो वर्षों से है, कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिपाठी ने भाजपा पर लगाया आरोप
भीलवाड़ा । भीलवाड़ा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा उन मुद्दों को उजागर करती है, जहां कुछ गलत हो रहा है, लेकिन मोदी सरकार इन मुद्दों पर सुधार करने के बजाय उलटे आरोप लगाती है। उन्होंने राहुल गांधी के वोट चोरी के मद्दे का समर्थन करते हुए कहा कि भीलवाड़ा में वोटों की चोरी से इन्कार नहीं किया जा सकता। उन्होंने खुलकर कहा कि भाजपा फर्जी वोट डलवाती है और बदनाम दूसरों को करती है।
सोमवार को त्रिपाठी ने यह बात जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यह मद्दा आज का नहीं है वर्षों से मतदान के बाद कई गली मौहल्लों में लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब होने के मामले सामने आते रहे है। लोगों ने प्रदर्शन भी किया है। यह मामला वोट चोरी से जुड़ा है। उन्होंने भाजपा पर खुलकर बूथ कैप्चरिंग तक के आरोप लगाये।
त्रिपाठी ने भाजपा के हरियाणा प्रभारी और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां के भीलवाड़ा में दिए बयान का जवाब दिया। पूनियां ने बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर कांग्रेस के विरोध को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी को दिवालियापन करार दिया था।
त्रिपाठी ने पलटवार करते हुए कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र के तरीके से नहीं चल रही है। वे कभी सदस्यता खत्म करने की धमकी देते हैं, तो कभी मुकदमा दर्ज करने की। उन्होंने कहा, लोकतंत्र में इस तरह के तरीके नहीं चलते। अगर चुनाव निष्पक्ष नहीं होंगे, तो परिणाम भी निष्पक्ष नहीं होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोट चोरी अभियान का टीवी पर वीडियो भी दिखाया गया। त्रिपाठी ने कहा कि बिहार में जैसी समस्याएं हैं, वैसा राजस्थान में नहीं है। यहां चुनावी प्रक्रिया में वोटर के नाम की सही सूची जरूरी है, और अगर फर्जी मतदान होता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाता है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वोट चोरी को रोकने के लिए लोगों को जागरूक होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस समय-समय पर जिला स्तर पर इस विषय पर सुझाव देती रहती है।
यह अभियान, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर, जिला मुख्यालय स्तर पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया मुद्दों को उठाती है लेकिन अब ऐसा वक्त आ गया है कि सरकार और अधिकारी इन्हें नजरअंदाज कर रहे है। वीडियो प्रदर्शन में मीडिया पर भी राहुल गांधी ने अंगुली उठाई है।