कनेछनकलां गांव में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, हत्या की आशंका

फूलियाकलां । फूलियाकलां थाना क्षेत्र के कनेछनकलां गांव में सोमवार को एक 45 वर्षीय महिला का शव उसके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बसंती देवी बेरवा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और मामले के शीघ्र खुलासे की मांग करने लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंती देवी अपने घर पर अकेली रहती थी। उसका पति और सास किसी काम से भीलवाड़ा गए हुए थे, जबकि पुत्र पेशे से ड्राइवर है और उस समय घर पर मौजूद नहीं था। जब सास भीलवाड़ा से वापस गांव पहुंची तो घर के एक कमरे का ताला बाहर से लगा हुआ मिला और चाबी दरवाजे के बाहर ही पड़ी थी। इस पर संदेह होने पर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से ताला खोलकर कमरे में प्रवेश किया।
कमरा खोलने पर चारपाई पर बसंती देवी का शव पड़ा मिला, जिस पर कंबल ओढ़ा हुआ था। महिला की मौत की स्थिति और कमरे का बाहर से ताला लगे होने के कारण परिजन और ग्रामीण इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही फूलियाकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फूलियाकलां मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल परिजनों द्वारा थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यह स्वाभाविक मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या प्रतीत होती है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
