भीलवाड़ा-कोटा हाइवे पर हादसा: राशन सामग्री खरीदने जा रहे थे मजदूर, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी,24 घायल

भीलवाड़ा पुनीत। भीलवाड़ा-कोटा हाइवे पर नया गांव क्षेत्र स्थित पावन धाम के पास रविवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में 24 मजदूर घायल हो गये। 19 को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जबकि 5 का बीगोद अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। ये सभी लोग सोपुरा से राशन सामग्री खरीदने बीगोद जा रहे थे।
बीगोद थाना पुलिस के अनुसार, सोपुरा क्षेत्र स्थित ईंट भट्टे के मजदूरों को रविवार को भुगतान मिला। इसके बाद शाम को ये सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राशन सामग्री खरीदने के लिए बीगोद जा रहे थे।
पावन धाम के पास यह ट्रैक्टर ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में इन बिहारी मजदूरों के साथ ही इनके बच्चे भी घायल हो गये। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आस-पास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस के साथ ही बीगोद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और 19 घायलों को तीन एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवा दिया। वहीं पांच मजदूरों का बीगोद अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। ये पांचों मामूली रुप से चोटिल हुये हैं। शेष 19घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।
ये हुये घायल
कंचन 18 पत्नी मनोज, रितिक 10 पुत्र सुभाष, सोना 8 पुत्री सोनू, राजपाल 20 पुत्र वकील, चांदनी 20 पत्नी राजपाल, लवकुश 8 पुत्र दीपक, मंटू 54, अली हुसैन 11 पुत्र सोनू, गुड्डी देवी पत्नी मुकेश सिंह, संगीता पत्नी अठमालिया, अजीत पुत्र अठमालिया, विक्की पुत्री अठमालिया, राजपाल पुत्र ओकूलया, ललिया पत्नी वकील, रात्रि पत्नी फाम्फू, असनोवी पत्नी फांफू, आशा पत्नी विक्रम, पियुश पुत्र विक्रम, दीपक पुत्र मंटु व सतीयाव पुत्र दीपक।
