सनसनी:: एसपी ऑफिस के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, 80 प्रतिशत झुलसा, जयपुर रेफर

एसपी ऑफिस के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, 80 प्रतिशत झुलसा, जयपुर रेफर
X


बीकानेर | बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के बाहर शुक्रवार दोपहर एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया। धू-धू कर जलते युवक को देख कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कंबल और अन्य साधनों से आग बुझाई और युवक को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

80 प्रतिशत झुलसा, हालत बेहद नाजुक

आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक की पहचान खाजूवाला क्षेत्र के 4 बीजीएम भागू गांव निवासी रामलाल (35) के रूप में हुई है। ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों के अनुसार, रामलाल लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर (Higher Center) रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ज्ञापन देने गया था, सुनवाई न होने पर उठाया कदम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामलाल किसी निजी विवाद या प्रताड़ना से परेशान था और इसी संबंध में न्याय की गुहार लगाने एसपी ऑफिस पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह ज्ञापन देना चाहता था, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे वहां से हटा दिया। सुनवाई न होने से आहत होकर रामलाल ने एसपी ऑफिस से कुछ ही दूरी पर अपने पास मौजूद पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद को आग के हवाले कर दिया।

पुलिस की जांच जारी

कोतवाली थाने के एएसआई तनेराव सिंह ने बताया कि युवक फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह किस मामले को लेकर परेशान था और उसे प्रताड़ित करने वाले लोग कौन हैं। घटना के बाद एसपी कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story