बागोर क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ गिरे ओले, चांदरास सहित आस-पास के गांवों में फसलें तबाह

बागोर (कैलाश शर्मा) । भीलवाड़ा जिले के बागोर क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदली और किसानों पर कुदरत का कहर बनकर टूटा। क्षेत्र के चांदरास और आस-पास के गांवों में सुबह अचानक आसमान में काली घटाएं छा गईं और देखते ही देखते तेज अंधड़ शुरू हो गया। अंधड़ की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कई जगहों पर पेड़ और छप्पर प्रभावित हुए।
अंधड़ के तुरंत बाद क्षेत्र में ओलावृष्टि का दौर शुरू हुआ। बड़े आकार के ओले गिरने से पूरे इलाके में सफेद चादर बिछ गई। ओलावृष्टि के साथ हुई तेज बारिश ने खेतों में खड़ी और कटी पड़ी गेहूं की फसलों को भारी नुकसान पहुँचाया है।
किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
वर्तमान में रबी की फसल की कटाई और थ्रेसिंग का काम जोरों पर है। कई किसानों ने अपनी फसल काटकर खेतों में सुखाने के लिए रखी थी, जो बारिश के पानी में पूरी तरह भीग गई। वहीं, खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों और चने की फसलें ओले गिरने से जमीन पर बिछ गईं। किसानों का कहना है कि इस बेमौसम मार से दाना काला पड़ जाएगा और पैदावार में भारी गिरावट आएगी।
