गुरु गोविंदसिंह जयंती पर 11 जनवरी को मनाया जाएगा प्रकाश पर्व

गुरु गोविंदसिंह जयंती पर 11 जनवरी को मनाया जाएगा प्रकाश पर्व
X

बागौर। सिख समुदाय के दसवें गुरु गोविंदसिंह की जयंती के अवसर पर कस्बे के मध्य स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे में 11 जनवरी रविवार को भव्य रूप से प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर गुरुद्वारा परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

ग्रंथि और सेवादारों ने बताया कि गुरु गोविंदसिंह जी अपनी दक्षिण यात्रा के दौरान वर्ष 1707 ईस्वी में बागौर आए थे। उस समय के महाराणा ने उन्हें यहां शरण दी थी। गुरु गोविंदसिंह जी लगभग 17 दिन तक बागौर के गढ़ में ठहरे थे। उनकी इसी ऐतिहासिक स्मृति में गढ़ के पिछले हिस्से में विशाल गुरुद्वारे का निर्माण बाबा लक्खा सिंह के सानिध्य में किया गया था।

प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और आस्था के साथ प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, ब्यावर, देवली सहित अन्य क्षेत्रों और राज्यों से बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना है।

गुरुद्वारा प्रबंधन के अनुसार 22 दिसंबर से अखंड गुरुवाणी साहिब पाठ चल रहा है, जिसका समापन 11 जनवरी को प्रातः 10 बजे होगा। अखंड पाठ स्थानीय ग्रंथि के साथ अमृतसर पंजाब से आए ग्रंथि द्वारा किया जा रहा है।

प्रकाश पर्व के अवसर पर बाबा लक्खा सिंह और बाबा बलविंदर सिंह का विशेष सानिध्य मिलेगा। दिनभर अटूट लंगर की व्यवस्था रहेगी। वहीं दरबार साहिब में सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर ढाई बजे तक कीर्तन का आयोजन होगा। संगत के लिए गुरुद्वारे में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Next Story