हाइवे क्रॉस कर रही बालिका को वाहन ने लिया चपेट में, मौके पर मौत, समय पर एंबुलेंस नहीं आने से नाराज ग्रामीणों ने लगाया जाम

भीलवाड़ा बीएचएन। कोटा-चित्तौडग़ढ़ हाइवे स्थित चित्तौडिय़ा के पास हाइवे क्रॉस कर रही नौ साल की एक बालिका की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम के चलते कई वाहन फंस गये। डीएसपी ने समझाइश कर जाम खुलवा दिया। शव मांडलगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जायेगा।

मांडलगढ़ थाने के दीवान जलील मोहम्मद ने बताया कि कल्याणपुरा, बीगोद निवासी रणजीतनाथ कालबेलिया की नौ साल की बेटी अंजली बचपन से ही चित्तोडिय़ा में रह रही थी। शनिवार शाम अंजली कालबेलिया आशीर्वाद होटल के नजदीक हाइवे क्रॉस कर रही थी, तभी उसे एक वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसे में बालिका की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर, सूचना देने के बाद भी समय पर एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने कोटा-चित्तौडग़ढ़ हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम के चलते कई वाहन फंस गये। डीएसपी मांडलगढ़ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। इसके बाद ही जाम खुल पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। शव का पोस्टमार्टम रविवार सुबह होगा।

Next Story