किसान रासायनिक के बजाय जैव कीटनाशको का करें प्रयोग-डॉ. जीनगर

किसान रासायनिक के बजाय जैव कीटनाशको का करें प्रयोग-डॉ. जीनगर
X

भीलवाड़ा। कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विभाग, उद्यान विभाग एवं इफको के संयुक्त तत्त्वावधान में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत् माण्ड़ल पंचायत समिति के गाँव भगवानपुरा, भीमडियास एवं लुहारिया में कृषक वैज्ञानिक संवाद संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी में कृषि विज्ञान केन्द्र भीलवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी. एम. यादव ने बताया कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित कृषि एवं समृद्ध किसान आवश्यक है। डॉ. यादव ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य आधुनिक कृषि पद्धतियों के बारे में जागरूकता पैदा करना, विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुँचाना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड की उपयोगिता, प्राकृतिक खेती का महत्त्व, उन्नत पशुपालन द्वारा किसानों की आमदनी बढ़ाना, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन, बीज उत्पादन एवं भण्ड़ारण, ड्रॉन तकनीकी, कस्टम हायरिंग सेन्टर का महत्त्व, कृषक उत्पादक संगठन की आवश्यकता आदि है। डॉ. यादव ने केन्द्र द्वारा संचालित कृषक हितार्थ योजनाओं का लाभ लेकर उन्नत कृषि करने की आवश्यकता जताई।

कृषि महाविद्यालय भीलवाड़ा के पूर्व अधिष्ठाता एवं कीट वैज्ञानिक डॉ. किशन लाल जीनगर ने पौध संरक्षण का महत्त्व बताते हुए पौधों का स्वस्थ एवं जीवित रखने, कीटों, बीमारियों एवं प्राकृतिक आपदाओं से बचाव की जानकारी दी तथा पौधों में लगने वाले प्रमुख कीटों के बारे में बताया। डॉ. जीनगर ने रासायनिक कीटनाशकों की अपेक्षा जैव कीटनाशकों का प्रयोग करने की आवश्यकता जताई। इफको के ईश्वर प्रजापत ने नैनो यूरिया का महत्त्व एवं उपयोगिता बताई। कार्यक्रम में कृषि अधिकारी प्रियंका पारीक, धीरेन्द्र सिंह, जीतमल जाट, कृषि पर्यवेक्षक कुलदीप सेन ने विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं अनुदान के बारे में बताया तथा विभाग द्वारा प्रगतिशील किसानों के सम्मान एवं पुरस्कार हेतु आवेदन की प्रक्रिया बताई।

भीलवाड़ा गोटरी प्राईड कृषक उत्पादक संगठन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महिपत सिंह चुण्ड़ावत ने संगठन की प्रक्रिया, प्रमुख गतिविधियों की जानकारी के साथ ही कृषक उत्पादक संगठन से जुड़ने एवं कृषि में आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता प्रतिपादित की। कृषक उत्पादक संगठन निदेशक पंकज कुमार, पुष्कर खटीक एवं कैलाश शर्मा ने बकरी के दूध का मूल्य संवर्धन, भण्ड़ारण एवं विपणन की जानकारी दी। फार्म मैनेजर महेन्द्र सिंह चुण्ड़ावत ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मन्त्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान एक राष्ट्रव्यापी अभियान है। अतः किसान भाई अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें। भगवानपुरा सरंपंच श्रीमती रत्नप्रभा चुण्ड़ावत ने आधुनिक खेती अपनाकर आजीविका बढ़ाने एवं मृदा स्वस्थ्य कार्ड की सिफारिशों के अनुसार खेती करने की आवश्यकता जताई। तकनीकी सहायक अनिता यादव ने किसानों का पंजीयन कर फीडबैक लिया। वार्डपंच महावीर बारी ने खेती में मशीनों के प्रयोग द्वारा समय एवं श्रम बचाने पर जोर दिया। भगवानपुरा के श्याम लाल खटीक ने सभी का आभार व्यक्त कर धन्यवाद दिया।

Tags

Next Story