शर्मा बने हिन्दी साहित्य भारती काव्य मंच के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष

भीलवाड़ा BHN

हिन्दी काव्य की ओजस्वी परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने वाले शाहपुरा (भीलवाड़ा) के सुप्रसिद्ध कवि योगेन्द्र शर्मा को हिन्दी साहित्य भारती काव्य मंच का अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह घोषणा संस्था के केन्द्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रवीन्द्र शुक्ल द्वारा की गई।

डॉ. शुक्ल ने बताया कि योगेन्द्र शर्मा को यह जिम्मेदारी हिन्दी कविता की गरिमा को वैश्विक मंचों तक पहुँचाने, मंचीय मर्यादा बनाए रखने और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने के उद्देश्य से सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि शर्मा की साहित्यिक दृष्टि, राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत काव्य-शैली और हजारों मंचीय प्रस्तुतियों के अनुभव से यह संस्था और भी सशक्त होगी।

2000 से अधिक मंचीय प्रस्तुतियां, कविताओं से बढ़ाया सेना का मनोबल-

योगेन्द्र शर्मा ने अब तक भारत और विदेशों में 2000 से अधिक काव्य मंचों पर अपनी ओजस्वी वाणी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया है। उनकी रचनाओं में राष्ट्रीय भावना, वीर रस और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने कश्मीर में भारतीय सेना की बटालियनों के बीच जाकर अपनी कविताओं के माध्यम से जवानों का मनोबल बढ़ाया, जिसे सेना और राष्ट्रप्रेमियों ने सराहा। उनके काव्य-पाठ न केवल भावनाओं को झकझोरते हैं, बल्कि उनमें समाहित राष्ट्रधर्म नई ऊर्जा का संचार करते हैं। उनके मंचीय भाषणों और कविताओं को युवाओं में खासा पसंद किया जाता है।

Next Story