महिला एवं बाल विकास विभाग की अनदेखी, आंगनबाड़ी सहायक पद पर चयन के बावजूद नहीं मिली नियुक्ति, कलेक्टर से लगाई गुहार

शक्करगढ़ सांवरिया सालवी। आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चयन होने के बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिलने पर जिला कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है।

मेलवा निवासी सुनीता कुमारी ने बताया कि उसने 28 जून 2024 के तहत मेलवा ग्राम की आंगनबाड़ी केन्द्र पर सहायिका पद के लिए निर्धारित तिथि में आवेदन किया था। महिला बाल विकास विभाग, जहाजपुर ने प्राप्त कुल 9 आवेदनों को ग्राम पंचायत किशनगढ़ को ग्राम सभा अनुमोदन के लिए प्रेषित किया था।ग्राम सभा 2 अक्टूबर 2024 को आयोजित की गई, जिसमें 4 बाहरी आवेदनों को खारिज करते हुए शेष 5 में से गाइडलाइन के अनुसार सर्वाधिक 7 अंक प्राप्त करने वाली सुनीता कुमारी का चयन किया गया। ग्राम सभा ने प्रस्ताव पारित कर महिला एवं बाल विकास विभाग को नियुक्ति के लिए भेजा। इसके बावजूद आज तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया, जबकि उसी सभा में चयनित ग्राम छाछिया की सहायिका को नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया।

सुनीता ने बताया कि इस मामले में महिला बाल विकास अधिकारी जहाजपुर से जानकारी चाही तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में ग्राम पंचायत प्रशासक पिंकी मीणा से संपर्क करने पर पता चला कि विभाग द्वारा पुन: दूसरी सूची जारी कर नई प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जो चयनित उम्मीदवार के अधिकारों के विपरीत प्रतीत होती है। सुनीता कुमारी ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नियमानुसार उन्हें आंगनबाड़ी सहायिका पद पर शीघ्र नियुक्त किया जाए।

Next Story