सुभाषनगर श्री राम मंदिर में शिव महापुराण कथा शुरू, कलश यात्रा से गूंजा भक्तिमय माहौल

भीलवाड़ा । श्रावण मास के पावन अवसर पर शहर के सुभाषनगर स्थित श्रीराम मंदिर में शुक्रवार से नौ दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। श्रीधाम वृंदावन नंदकिशोर भारद्वाज महाराज कथा व्यास के रूप में अमृत वर्षा कर रहे हैं।
कथा महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व शुक्रवार सुबह 8 बजे बड़के बालाजी राजपूत कॉलोनी से एक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मुख्य यजमान राम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शिवशेखर शर्मा व उनकी धर्मपत्नी यशोदा शर्मा ने शिव महापुराण को माथे पर धारण किया। बैंड-बाजे के साथ यह शोभायात्रा सुभाषनगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल श्रीराम मंदिर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन की जानकारी देते हुए समाजसेवी रामचंद्र मूंदड़ा ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। कथा के पहले दिन नंदकिशोर भारद्वाज महाराज ने शिव महापुराण कथा की विधि व माध्यम पर प्रकाश डाला। उन्होंने बिंदुका और चंचुला के प्रसंग का वर्णन करते हुए शिव महिमा का दिव्य बखान किया। महाराज ने बताया कि शिव कथा श्रवण करने वाले पर भगवान शिव की असीम कृपा होती है और उसे सहज ही मोक्ष की प्राप्ति हो जाती है। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में श्रीराम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शिवशेखर शर्मा, कमेटी के सदस्य, श्रीराम मंदिर के पुजारी विष्णु शर्मा और स्थानीय भक्तजन अथक प्रयास कर रहे हैं। कथा में सुरेश काबरा, रमेश जागेटिया, कैलाश गगरानी, राम मंदिर सुभाषनगर महिला मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह महोत्सव 2 अगस्त तक चलेगा।
