भगवान झूलेलाल को रक्षा सूत्र बांध कर मनाया रक्षा बंधन पर्व

भीलवाड़ा, पेसवानी
सिंधी समाज के आराध्यदेव भगवान झूलेलाल के दरबार में शनिवार सुबह रक्षा बंधन का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के नाथद्वारा सराय स्थित झूलेलाल कॉलोनी में दादा हेमराज मल भगत झूलेलाल सनातन मंदिर प्रांगण में दादा हेमराज मल सेवा समिति के पदाधिकारियों, सेवाधारियों और भगत परिवार के सदस्यों ने एकत्र होकर यह आयोजन किया।
इस मौके पर भगवान झूलेलाल की प्रतिमा को रक्षा सूत्र बांधने की परंपरा निभाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर में सुबह की आरती के साथ हुई। समिति के कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सबसे पहले भगवान झूलेलाल की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया। प्रतिमा को तिलक व अक्षत अर्पित किए गए, माल्यार्पण कर उनका श्रृंगार किया गया और मिष्ठान का भोग लगाया गया। इसके बाद आराध्यदेव को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी कृपा व आशीर्वाद की कामना की गई।
