दिनेश सोनी वर्ल्ड ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड से सम्मानित

भीलवाड़ा। महात्मा गांधी अस्पताल के पूर्व नसिंग अधीक्षक दिनेश कुमार सोनी को वर्ल्ड ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में आई कैन डू फाउंडेशन द्वारा मानवता के कल्याण के लिए किए गए उनके निस्वार्थ और उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। सोनी का यह सम्मान भीलवाड़ा में 35 वर्षों से अधिक का कार्यकाल चिकित्सा और सेवा के प्रति उनके गहरे समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने अपने पद को केवल एक नौकरी के रूप में नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी के रूप में निभाया। उनका मानना था कि मरीज की देखभाल केवल दवा और इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सहानुभूति, सम्मान और मानवीय स्पर्श का भी समावेश होना चाहिए। उनके विनम्र स्वभाव, दयालु व्यवहार और मरीजों के प्रति गहरी संवेदनशीलता ने उन्हें चिकित्सालय में सभी का प्रिय बना दिया था। अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि हर मरीज, चाहे वह किसी भी पृष्ठभूमि का हो, को सर्वोत्तम देखभाल मिले। उन्होंने विशेष रूप कमजोर और गरीब मरीजों की सहायता के लिए कई पहल की, जिससे उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिल सकीं। उनके नेतृत्व में नर्सिंग स्टाफ ने मरीजों के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव स्थापित किया, जिसने इलाज की प्रक्रिया को और भी प्रभावी बना दिया। साल 2023 में अपनी सेवानिवृत्ति के बाद, जहाँ अधिकांश लोग विश्राम का मार्ग चुनते हैं, वहीं सोनी ने अपना जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनका मानना है कि वास्तविक सेवा की कोई समय सीमा नहीं होती। सोनी के सम्मानित होने की खबर से चिकित्सालय में हर्ष और गौरव का माहौल छा गया।
