नदी के तेज बहाव में बहे युवक को साहसिक प्रयास से बचाया

नदी के तेज बहाव में बहे युवक को साहसिक प्रयास से बचाया
X


भीलवाड़ा, जिले के मांडल थाना क्षेत्र के घोड़ास गांव में एक बरसाती नदी को पार करने का प्रयास एक युवक को उस समय भारी पड़ गया, जब पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बह गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत साहस और सूझबूझ दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।

घटना का विवरण

डोरिया निवासी युवक सद्दाम नदी का बहाव देखने के लिए घोड़ास गांव पहुंचा था। नदी के किनारे खड़े होने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। कुछ दूरी तक बहने के बाद वह नदी के बीच एक ऊंचे स्थान पर फंस गया, लेकिन वहां से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला।

साहसिक बचाव कार्य

घटना को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस बीच, मेजा निवासी राजेश धाभाई, प्रभुलाल गाडरी और कैलाश गाडरी ने हिम्मत दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने पहले रस्सी फेंकने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण रस्सी युवक तक नहीं पहुंच पाई। इसके बाद उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कार में रखी खाली प्लास्टिक की बोतलों को रस्सी से बांधकर नदी में छोड़ा। बोतल बंधी रस्सी बहाव के साथ सद्दाम तक पहुंच गई।

सद्दाम ने रस्सी को मजबूती से पकड़ लिया, जिसके बाद आधा दर्जन लोगों ने मिलकर पूरी ताकत लगाई और उसे सुरक्षित किनारे पर खींच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय मौके पर दर्जनों लोग मौजूद थे, लेकिन अधिकांश ने हिम्मत नहीं दिखाई। मेजा के इन युवकों की साहस और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।

Next Story