विधानसभा में लगे कैमरों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, अध्यक्ष का पुतला फूंका

विधानसभा में लगे कैमरों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, अध्यक्ष का पुतला फूंका
X

भीलवाड़ा । राजस्थान विधानसभा में अवांछित स्थानों पर कैमरे लगाए जाने के विरोध में आज भीलवाड़ा में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। अभाव अभियोग प्रकोष्ठ, जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती योगिता शर्मा के निर्देश पर पूरे राज्य में एक साथ आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम मांडल तहसील की ग्राम पंचायत चांखेड़ में बस स्टैंड स्थित पंचायत भवन में हुआ। इस दौरान ’’अवांछित कैमरे हटाओ-लोकतंत्र बचाओ’’, ’’लोकतंत्र की रक्षा करो’’ और ’’भारत माता की जय’’ जैसे नारे गूंज उठे।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र पारीक ने कहा, ’’विधानसभा भवन लोकतंत्र का मंदिर है, जहां चुने हुए प्रतिनिधि जनता के हित में काम करते हैं। ऐसे पवित्र स्थान पर कैमरे लगाना लोकतांत्रिक नियमों का सीधा उल्लंघन है। हमारी सरकार से मांग है कि इन कैमरों को तुरंत हटाया जाए।’’

पारीक ने यह भी कहा कि अगर सरकार इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान नहीं देती है, तो संगठन गांधीवादी तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा और जरूरत पड़ने पर उग्र आंदोलन भी करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

इस विरोध प्रदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इनमें भगवानपुरा से राधेश्याम शर्मा और मोहन सोनी, भीलवाड़ा से विमल आचार्य, मांडल ब्लॉक से मदन जाट और अमित चौधरी, चाखेड से भंवर सिंह राणावत, बांकली से छोटू सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाया और जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपने का फैसला किया, जिसे आगे महामहिम राज्यपाल तक पहुंचाया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर, अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष 24 सितंबर 2025 को दोपहर 2 बजे जिला कलेक्टरेट भीलवाड़ा में जिला कलेक्टर को ज्ञापन देंगे।

Next Story