महेशपुरा ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत पीपली से हटाकर पूर्ववत कांदा पंचायत में जोड़ने की उठाई मांग

महेशपुरा ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत पीपली से हटाकर पूर्ववत कांदा पंचायत में जोड़ने की उठाई मांग
X

भीलवाड़ा। महेशपुरा ग्राम पंचायत समिति सुवाणा के समस्त ग्रामवासियों ने उपखण्ड अधिकारी, भीलवाड़ा को एक सामूहिक प्रार्थना पत्र सौंपकर मांग की है कि उनके राजस्व ग्राम महेशपुरा को हाल ही में गठित ग्राम पंचायत पीपली से हटाकर पुनः पूर्ववत ग्राम पंचायत कांदा में शामिल किया जाए।

ग्रामवासियों ने ज्ञापन में बताया कि उनका राजस्व ग्राम वर्षों से ग्राम पंचायत कांदा में सम्मिलित रहा है, जो कि महेशपुरा से मात्र 3-4 किमी की दूरी पर स्थित है। कांदा ग्राम पंचायत तक पहुंचने हेतु पर्याप्त आवागमन के साधन भी उपलब्ध हैं, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती। इसके अतिरिक्त कांदा में बारहवीं कक्षा तक विद्यालय, बोर्ड परीक्षा केंद्र तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं भी मौजूद हैं।

ग्रामवासियों के अनुसार, हाल ही में हुए पंचायत परिसीमन व गठन के दौरान महेशपुरा को नई गठित ग्राम पंचायत पीपली में सम्मिलित कर दिया गया, जो कि न केवल महेशपुरा से अधिक दूरी (लगभग 6-7 किमी) पर है, बल्कि वहां तक पहुंचने हेतु सीधा व सुगम मार्ग भी नहीं है। इससे वृद्धजन व आमजन को ग्राम पंचायत से संबंधित कार्यों हेतु भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि बच्चों की शिक्षा से संबंधित कार्यों में ग्राम पंचायत से हस्ताक्षर आदि की आवश्यकता होती है, और यदि महेशपुरा पुनः कांदा पंचायत में सम्मिलित होता है, तो यह कार्य सरलता से संपन्न हो सकेंगे।

अंत में ग्रामवासियों ने उपखण्ड अधिकारी से निवेदन किया है कि जनसुविधाओं व जनहित को ध्यान में रखते हुए महेशपुरा को पुनः ग्राम पंचायत कांदा में सम्मिलित किया जाए।

Next Story