हलेड़ गर्ल्स स्कूल की बेशकीमती भूमि से हटाया अतिक्रमण

भीलवाड़ा। समीपवर्ती हलेड़ गांव में स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय की बेशकीमती भूमि से प्रशासन ने करीब बारह वर्षों बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई सीमाज्ञान के बाद की गई, जिसमें अस्थाई कब्जों को हटाकर सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया।
बीते दिनों उपभोक्ता अधिकार संगठन हलेड़ के अध्यक्ष कैलाश सुवालका के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से शिकायत की थी। उन्होंने विद्यालय की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
जिला कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार दिनेश कुमार साहू व नायब तहसीलदार रौनक शर्मा के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय के भवन निर्माण हेतु आवंटित एक बीघा आठ बिस्वा जमीन पर कुछ लोगों ने कच्चे-पक्के बाड़े बनाकर अस्थाई रूप से कब्जा कर रखा था।
प्रशासन द्वारा राजस्व रिकॉर्ड का मिलान कर सीमाज्ञान किया गया और दो बुलडोजरों की सहायता से अतिक्रमण को हटा दिया गया। इस कार्रवाई में ग्रामीणों का भी पूरा सहयोग रहा।
कार्यवाही के दौरान राजस्व अधिकारी राजेश पारीक, राकेश कोली, हलेड़ के पटवारी योगेश भाटी, सुवाणा के पटवारी अभिषेक छीपा, पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अशोक अग्रवाल, संस्था प्रधान मंजू सोमानी, ग्रामीण भंवर जाट, नारायण बलाई, छोटू मांडिया सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
