छात्र-छात्राओं को एफएसटीपी और स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

भीलवाड़ा। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई के अंतर्गत गंगापुर के महाराणा प्रताप गुरुकुल सेवा संस्थान उच्च प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता, साफ-सफाई और मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मच्छर और मक्खी जैसी बीमारियों के वाहकों से बचने के लिए स्वच्छता जरूरी है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि "स्वच्छता ही सेवा है" के संदेश को अपनाते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखना चाहिए। विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि उनके घरों से निकलने वाले सेप्टिक टैंकों के मलजल को टैंकों के माध्यम से रायपुर रोड, नेहरू नगर, गंगापुर पर बन रहे एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) तक पहुंचाया जाएगा। वहां इसका उपचार कर खाद बनाई जाएगी, जिसे वानिकी और पेड़ों में उपयोग किया जाएगा। इससे पहले जो गंदगी होती थी और वातावरण प्रदूषित होता था, उससे निजात मिलेगी और पर्यावरण स्वच्छ रहेगा।
इसके अलावा विद्यार्थियों को हाथ धोने के सात चरणों की जानकारी भी दी गई ताकि वे रोजमर्रा की जिंदगी में स्वच्छ आदतें अपनाकर बीमारियों से बच सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश गोस्वामी ने छात्रों को बताया कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता बेहद आवश्यक है। यदि हम स्वच्छ रहेंगे तो बीमार नहीं पड़ेंगे।
इस कार्यक्रम में सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर सपोर्ट अधिकारी रेखा खटीक, प्रधानाचार्य ओमप्रकाश गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, राघव गोस्वामी, किरण शर्मा, योगिता सुथार और चंचल शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
