सवाईपुर में वीर तेजा महाराज के मारवाड़ी खेल का चौथा दिन संपन्न

सवाईपुर में वीर तेजा महाराज के मारवाड़ी खेल का चौथा दिन संपन्न
X

सवाईपुर (सांवर वैष्णव) सवाईपुर कस्बे के तेजाजी चौक में चल रहे पांच दिवसीय वीर तेजा महाराज के मारवाड़ी खेल का मंचन शुक्रवार रात्रि को चौथे दिन भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर तेजाजी महाराज की जीवन लीला के विभिन्न प्रसंगों का नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया।

भोपाजी नारायण गाडरी ने जानकारी देते हुए बताया कि बस स्टैंड के पास स्थित तेजाजी महाराज स्थल पर वीर तेजा कला मण्डल सुरेश नट एंड पार्टी सलावटिया द्वारा इस पांच दिवसीय खेल का आयोजन किया जा रहा है।

चौथे दिन के मंचन में तेजाजी द्वारा बाग में रुकने, घोड़ी द्वारा बाग को उजाड़ने, तेजाजी व सुन्दर के मिलन, तेजाजी का शेर पनेर स्थित ससुराल जाना, वहां सांस के द्वारा कड़वे बोल बोले जाने, नाराज होकर वापस लौटने, फिर सुन्दर द्वारा तेजाजी को मनाने तथा तेजाजी और छोगा का हिरा गूजरी की मेड़ी में जाना जैसे प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

इन प्रसंगों में शंकरलाल नट, कमलेश नट, उदयलाल बिजौलियां, महेंद्र तिलस्वां, मुकेश सलावटिया, प्रदीप सलावटिया, दिलखुश सलावटिया, राकेश सलावटिया और राजू बारेठ बनकाखेड़ा सहित कई कलाकारों ने शानदार अभिनय के माध्यम से विभिन्न पात्रों को मंच पर जीवंत किया।

इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक तेजाजी महाराज के इस मारवाड़ी खेल को देखने पहुंचे और कार्यक्रम का आनंद लिया।

Next Story