उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड, भीलवाड़ा में पारा गिरा,छाई हल्की धुंध

भीलवाड़ा। उत्तर भारत की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में सर्दी को काफी बढ़ा दिया है। भीलवाड़ा में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई हे, जबकि शेखावाटी क्षेत्र—सीकर, चूरू और झुंझुनूं—में पारा 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन जिलों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का असर साफ महसूस हो रहा है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक शीतलहर जारी रहने की संभावना जताई है। भीलवाड़ा में गुरुवार सुबह हल्की धुंध भी छाई रही, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया।
दिन में भी सर्दी ने बढ़ाई ठिठुरन
राजस्थान में बुधवार को अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी गई। प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। दिन में चल रही ठंडी हवाएं लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर रही हैं।
मौसम विभाग ने आमजन को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी है।
