साथ जिए साथ...: कुएं में गिरने से महिला की मौत, अंतिम संस्कार के बाद पति का भी निधन

कुएं में गिरने से महिला की मौत, अंतिम संस्कार के बाद पति का भी निधन
X


भीलवाड़ा । जिले के रायला क्षेत्र के रघुनाथपुरा रैवाड़िया की ढाणी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। खेत में बने कुएं में गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला का अंतिम संस्कार कर घर लौटने के कुछ समय बाद उसके पति की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। इस दोहरी त्रासदी से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार 16 दिसंबर की शाम धर्मचंद रैवाड़ी की पत्नी केमा देवी उम्र करीब 70 वर्ष घर से खेत पर सरसों की फसल की सिंचाई करने के लिए निकली थीं। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 17 दिसंबर की शाम को आसिंद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

रात में खेत की ओर जाने पर कुएं के अंदर केमा देवी का शव दिखाई दिया। सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोटर चालू करते समय पैर फिसलने से महिला कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

गुरुवार शाम को धर्मचंद रैवाड़ी ने पत्नी का अंतिम संस्कार किया। इसके बाद घर लौटने के करीब एक घंटे के भीतर उनकी भी अचानक मौत हो गई। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मृत्यु की आशंका जताई है।

लगातार हुई दोनों मौतों से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

Next Story