बापूनगर में सिंदूरी बालाजी मंदिर और चाय की केबिन के ताले टूटे, नकदी व सामान पार

बापूनगर में सिंदूरी बालाजी मंदिर और चाय की केबिन के ताले टूटे, नकदी व सामान पार
X


​भीलवाड़ा पुनीत जैन । शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित पुराने बापूनगर में बीती रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने प्रसिद्ध सिंदूरी बालाजी मंदिर के ताले तोड़कर दान पात्र से नकदी साफ कर दी और पास ही स्थित एक चाय की केबिन को भी अपना निशाना बनाया।

​मंदिर में चोरी की वारदात


​मंदिर के पुजारी प्रहलाद शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे जब वे हमेशा की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो वहां के हालात देखकर दंग रह गए। मंदिर का मुख्य ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा दान पात्र भी टूटा मिला। चोरों ने दान पात्र से करीब 10 से 12 हजार रुपये की नकदी चुरा ली और खाली दान पेटी को मंदिर के पीछे फेंक कर फरार हो गए।

​चाय की केबिन को भी बनाया निशाना



​मंदिर के पास ही स्थित श्याम सिंह की चाय की केबिन के भी चोरों ने ताले तोड़ दिए। केबिन मालिक ने बताया कि चोर गल्ले में रखी करीब 1 से 2 हजार रुपये की चिल्लर और नकदी सहित करीब 5 से 10 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं।

​घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​अपराध, मंदिर विवाद और क्षेत्र की कानून व्यवस्था से जुड़ी हर बड़ी और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। समाचार भेजें 9829041455 पर।

Next Story