माही सातम पर खजुरिया श्याम भैरुनाथ मंदिर में विशाल जागरण, दो लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

माही सातम पर खजुरिया श्याम भैरुनाथ मंदिर में विशाल जागरण, दो लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
X


पोटलां। मेवाड़ के प्रसिद्ध देव श्री खजुरिया श्याम भैरुनाथ मंदिर में माही सातम के पावन अवसर पर रविवार को आयोजित विशाल रात्रि जागरण में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे दिन करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने प्रभु भैरुनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लग गई थीं, जो देर रात 12 बजे तक लगातार जारी रहीं। चारों दिशाओं से मंदिर की ओर आने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

ग्रामीणों और सेवाभावी भक्तों ने जगह जगह पदयात्रियों तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जलपान, चाय, नाश्ता और प्रसाद की व्यवस्था की। कई स्थानों पर रसोड़े सजाए गए, जहां भक्तों की सेवा भाव से आवभगत की गई। दिनभर श्रद्धालु नृत्य करते हुए और भैरुनाथ के जयकारे लगाते हुए मंदिर की ओर बढ़ते नजर आए। इस दौरान कई महिला और पुरुषों पर भोपा भाव आने की भी घटनाएं सामने आईं।

खजुरिया श्याम भैरुनाथ सेवा समिति की ओर से मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया। रंग बिरंगी लाइटें, झिलमिलाती बल्बों और तिरंगे गुब्बारों से सजा पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा नजर आया। जगह जगह बनाए गए भव्य स्वागत द्वार श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे थे।

इस अवसर पर प्रभु श्री खजुरिया श्याम भैरुनाथ की विशेष पूजा अर्चना की गई। प्रभु श्री श्याम पधारें के जयघोष के साथ भक्तों ने आशीर्वाद लिया। राजसमंद, भीलवाड़ा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ के साथ साथ मुंबई, सूरत, गुजरात, बेंगलुरु, इंदौर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। भैरुनाथ विकास समिति और अन्य सेवाभावी संगठन व्यवस्थाओं में दिनभर जुटे रहे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंगापुर थाना पुलिस के जवानों ने विशेष इंतजाम किए। माही सातम के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का वातावरण बना रहा। मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा और भक्त परिवार में सुख समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते नजर आए। खजुरिया श्याम दरबार में श्रद्धालुओं को फल और मावे का प्रसाद भी वितरित किया गया।

भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - [email protected]

व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा

Next Story