प्रशासन की 'सुस्ती' से नेहरू विहार में 'आफत': सड़क किनारे झाड़ियों का साम्राज्य; चोरों और विषैले जीवों के खौफ में जी रहे रहवासी

भीलवाड़ा (हलचल)। स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ते कदमों के बीच शहर के नेहरू विहार से सिद्धिविनायक हॉस्पिटल मार्ग पर नगर विकास न्यास (UIT) की लापरवाही ने स्थानीय नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है। मुख्य सड़क के दोनों ओर यूआईटी के खाली पड़े भूखंडों में लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण घनी झाड़ियाँ और जंगल उग आया है, जो अब विषैले जीवों और अपराधियों के लिए 'सुरक्षित पनाहगाह' बन गया है।
चोरों की 'ऐश', नागरिकों की 'कष्ट'
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क किनारे पसरी झाड़ियों के कारण रात में अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व यहाँ सक्रिय रहते हैं। तिलक नगर और नेहरू विहार कॉलोनी में चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। चोर घटना को अंजाम देने के बाद इन घनी झाड़ियों में छिप जाते हैं, जिससे उन्हें पकड़ना नामुमकिन हो जाता है।
सांप और बिच्छुओं का घर बना खाली प्लॉट
क्षेत्र निवासी कृष्णा सिंह ने बताया कि झाड़ियों के कारण आए दिन गलियों में सांप और अन्य विषैले जीव-जंतु निकल रहे हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों में हर समय दहशत बनी रहती है। सड़क पर झाड़ियाँ इतनी बढ़ गई हैं कि दूर से आने वाला वाहन भी दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।
'181' हेल्पलाइन भी फेल, प्रशासन मौन
नागरिकों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार राज्य सरकार की हेल्पलाइन नंबर 181 पर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन यूआईटी के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। शिकायतों के बावजूद विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रशासन से राहत की मांग
नेहरू विहार और तिलक नगर के निवासियों ने प्रशासन और यूआईटी के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इन खाली भूखंडों की तुरंत सफाई कराई जाए और झाड़ियों को जड़ से हटाया जाए। साथ ही, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है ताकि आमजन चैन की सांस ले सके।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
* समाचार: प्रेम कुमार गढवाल (9413376078)
* व्हाट्सएप: 9829041455
* विज्ञापन: विजय गढवाल (6377364129)
* सम्पर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
* फोन: 7737741455
* ईमेल: [email protected]
