भाविप का सेवा महाकुंभ दिव्यांगों के लिए एक ही स्थान पर बनेंगे यूडीआईडी कार्ड

भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्वर्गीय मनीष काबरा की पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले विशाल दिव्यांग सहायता शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। हाल ही में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने इस सेवा महाकुंभ को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

महात्मा गांधी चिकित्सालय भीलवाड़ा के सहयोग से शिविर स्थल पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगों का परीक्षण किया जाएगा और मौके पर यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को दो पहचान पत्र और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।

शिविर संयोजक रजनीकांत आचार्य ने बताया कि तहसील स्तर पर अब तक 22 हजार दिव्यांगों से संपर्क किया जा चुका है। प्राथमिक सर्वे में 761 दिव्यांगों का चयन किया गया है जबकि लक्ष्य 2000 से अधिक लाभार्थियों तक पहुंचने का रखा गया है। शिविर में दृष्टिबाधितों के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्मार्ट स्टिक उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पोलियो पीड़ितों के लिए कैलिपर और वॉकर, चलने फिरने में असमर्थ लोगों के लिए ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर तथा श्रवण बाधितों के लिए कान की मशीनें भी दी जाएंगी।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए रामेश्वर काबरा ने बताया कि पहली बार शिविर स्थल पर ही ई मित्र काउंटर के माध्यम से राजस्थान रोडवेज के रियायती बस पास और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा दी जाएगी। जिला चिकित्सालय के अस्थि रोग विशेषज्ञ मौके पर ही दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे ताकि लाभार्थियों को बिना परेशानी सुविधाएं मिल सकें।

दिव्यांगों और उनके परिजनों के लिए शिविर स्थल पर ही भोजन और आवास की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में पूछताछ, पंजीयन, कार्यशाला और आवास समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर शिविर संयोजक मनोज माहेश्वरी, दुर्गा लाल जोशी, शिव ईनानी, संपत माहेश्वरी, भैरूलाल अजमेरा, मुरलीधर नवाल, पंकज अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story