वस्त्र एवं परिधान उद्योग के लिए विकास का नया अध्याय, बजट से राजस्थान को मिलेगा बड़ा लाभ रिजु झुनझुनवाला

भीलवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 27 को देश के समावेशी और दीर्घकालिक विकास की मजबूत रूपरेखा बताते हुए एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप के चेयरमैन रिजु झुनझुनवाला ने इसे वस्त्र एवं परिधान उद्योग के लिए अत्यंत सकारात्मक, उत्साहवर्धक और दूरगामी प्रभाव वाला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करता है।
रिजु झुनझुनवाला ने कहा कि टेक्सटाइल सेक्टर के लिए की गई घोषणाएं राजस्थान के औद्योगिक परिदृश्य विशेषकर भीलवाड़ा जैसे प्रमुख टेक्सटाइल हब के लिए बेहद लाभकारी साबित होंगी। विनिर्माण को प्रोत्साहन, तकनीकी उन्नयन, एमएसएमई सेक्टर को मजबूती, निर्यात बढ़ाने और कार्य पद्धति को सरल बनाने जैसे कदमों से उद्योग को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इन सुधारों से उत्पादन लागत में संतुलन आएगा, वैश्विक प्रतिस्पर्धा में वृद्धि होगी, नए निवेश आकर्षित होंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। भीलवाड़ा जैसे टेक्सटाइल क्लस्टर, जो पहले से ही देश की सप्लाई चेन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, को इस बजट से विशेष लाभ मिलने की संभावना है।
टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े उद्योगपतियों का मानना है कि यह बजट न केवल बड़े उद्योगों बल्कि लघु और मध्यम उद्यमों के लिए भी नए अवसर खोलेगा। निर्यात उन्मुख इकाइयों को स्थिरता मिलेगी, घरेलू बाजार मजबूत होगा और मेक इन इंडिया पहल को नई मजबूती प्राप्त होगी।
एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप के चेयरमैन रिजु झुनझुनवाला ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 27 भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी और वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है। भीलवाड़ा जैसे टेक्सटाइल हब के लिए यह बजट नई संभावनाओं और सतत विकास के द्वार खोलेगा। आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड भीलवाड़ा की ओर से उन्होंने इस दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया और राजस्थान में उद्योगों को सहयोग देने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी अब केवल वादा नहीं बल्कि परिणामों में बदलती प्रतिबद्धता बन चुकी है और यह बजट टेक्सटाइल उद्योग को अधिक आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी और मजबूत बनाकर राजस्थान सहित पूरे देश के आर्थिक विकास को दीर्घकालिक लाभ देगा।
