शिक्षक संघ ने रिकवरी रोकने और रुका वेतन जारी करने की उठाई मांग

शिक्षक संघ ने रिकवरी रोकने और रुका वेतन जारी करने की उठाई मांग
X

भगवानपुरा कैलाश शर्मा. राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य स्तर के वित्त एवं लेखा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर शिक्षकों की चल रही रिकवरी प्रक्रिया रोकने तथा लंबित वेतन शीघ्र जारी करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सत्र 2019 से 2023 के बीच क्रमोन्नत हुए कई विद्यालयों में पद आवंटित नहीं होने के कारण वहां कार्यरत शिक्षकों का वेतन अन्य विद्यालयों से आहरित किया गया था।

संघ के अनुसार वर्तमान में शहरी क्षेत्रों में कार्यरत कुछ शिक्षकों का वेतन ग्रामीण विद्यालयों से दर्शाए जाने के कारण उनके मकान किराया भत्ता और अन्य शहरी भत्तों की वसूली की जा रही है। रिकवरी नहीं कराने पर वेतन रोके जाने से शिक्षक वर्ग में असंतोष है। संगठन ने यह भी बताया कि कुछ शिक्षक इस अवधि में स्थानांतरण के कारण शहरी क्षेत्र से ग्रामीण क्षेत्र में गए थे। नियमों के अनुसार उन्हें छह माह तक शहरी क्षेत्र के भत्ते मिलना चाहिए था, लेकिन अब उसकी भी वसूली की जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से आग्रह किया कि नियमों के अनुरूप राहत दी जाए और शिक्षकों को अनावश्यक आर्थिक दबाव से बचाया जाए। अधिकारियों की ओर से इस विषय में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

Next Story